महोबा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन का काम पूरा नहीं होने, कौहारी में रपटा और रास्ता बाधित होने का मुद्दा विधान परिषद के सदन में गूंजा। चरखारी निवासी एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने विधान परिषद में यह मुद्दा उठाकर सदन का ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने सर्विस लेन को शुरू कराने की मांग की। एमएलसी ने सदन में कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से चित्रकूट, इटावा व दिल्ली के बीच जखेड़ी (राठ) से खन्ना के बीच में सर्विस लेन पूरी नहीं है। यूपीडा की ओर से कौहारी में एक रपटा और रास्ता बाधित कर दिया गया है। इससे ग्रामीणों को सर्विस लेन का लाभ नहीं मिल पा रहा है जबकि यह एक्सप्रेसवे तीन साल पहले लोगों के लिए खोला गया था। उन्होंने कौहारी में रपटा निर्माण किए जाने और बाधित रास्ता व यूपीडा की ओर से बनाई गई सर्विस लेन किसानों और जनहित के लिए शुरू कराए जाने की मांग की।
विधायक ने की शहर में महिला डिग्री कॉलेज की मांग
महोबा। सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने विधानसभा सदन में जिले के गांवों में इंटर कॉलेज, मुख्यालय में महिला डिग्री कॉलेज व बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर जिलेवासियों की सुविधा के लिए ग्राम परथनिया में कट की मांग का मुद्दा उठाया। उन्होंने जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत श्रीनगर में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और श्रीनगर को ब्लाॅक का दर्जा दिए जाने की मांग उठाई। उन्होंने महोबा शहर में राजकीय महिला महाविद्यालय खोलने, ग्राम ग्योड़ी में राजकीय इंटर कालेज खोलने की मांग रखी। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सफर करने के लिए जिले की सीमा स्थित तहसील चरखारी के ग्राम परथनिया में कट खुलवाए जाने की मांग की। उन्होंने विधानसभा सदन में बुंदेलखंडी भाषा में विकास की मांग की। सरकार के प्रयास से बदलते बुंदेलखंड की तस्वीर के लिए उन्होंने बुंदेली भाषा में सदन में आभार जताया।