महोबा। बिजली समस्या को लेकर प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों के साथ मारपीट करना व घर-घर जाकर दबिश देकर ग्रामीणों को थाने ले जाना थानाध्यक्ष अजनर को महंगा पड़ा। पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार ने थानाध्यक्ष को लाइनहाजिर किया है। उनके स्थान पर थानाध्यक्ष महोबकंठ विनोद कुमार को भेजा है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह तक अजनर समेत तीस गांवों में बिजली न आने पर दो जून को ग्रामीणों ने उपद्रव कर थाने का घेराव किया था। बिजली विभाग के जेई की पिटाई कर दी थी। इस पर पुलिस ने ग्रामीणों को ढूंढ़कर उनकी पिटाई की और घरों में तांडव मचाया। इस पर पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के बयान दर्ज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को रिपोर्ट सौंपी थी। उधर चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने ग्रामीणों के साथ मारपीट करने वाले दोषी पुलिस कर्मचारियों पर पांच दिन के अंदर कार्रवाई न होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी थी। ग्रामीणों की मारपीट के बढ़ते मामले पर चित्रकूट धाम मंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक दीपक कुमार ने भी पांच जून को गांव पहुंचकर ग्रामीणों का हालचाल जाना। मामला बढ़ता देख पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष अजनर राधेबाबू को लाइन हाजिर कर दिया।