महोबा। थाना अजनर के टिकरिया गांव में सोमवार को जीजा के घर आई युवती ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, महिला समेत तीन लोगों ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की।
कोतवाली चरखारी के बैहारी निवासी सोहनलाल की बेटी प्रतिज्ञा (22) छह दिन पहले टिकरिया गांव में जीजा देवेंद्र के घर आई थी। सोमवार की सुबह उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर जहर खाने की बात परिजनों को बताई। तब परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन जहर खाने का कारण नहीं बता सके। मामला संदिग्ध होने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी है।
वहीं, शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी ट्विकंल (19) रविवार की रात घर पर थी। तभी किसी बात से नाराज होकर उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह नयापुरा नैकाना निवासी पूनम (30) व बसौरा निवासी राजकुमारी (27) ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां राजकुमारी की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।