थाना खन्ना के ग्राम तमौरा में एक महिला की आग से जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगाें ने ससुरालीजनाें पर जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। सीओ सदर ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना खरेला के ग्राम पडोरा निवासी मकुंदी ने अपनी पुत्री गगन की शादी 22 अप्रैल 2015 को खन्ना थानाक्षेत्र के ग्राम तमौरा निवासी मुन्नी अहिरवार के पुत्र मनोज के साथ की थी। शादी के बाद से ससुरालीजन गगन को प्रताड़ित करने लगे। शनिवार की सुबह महिला की घर पर आग से जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस व मायके पक्ष के लोगों को दी गई।
सूचना मिलते ही सीओ सदर धनंजय कुशवाहा, थाना प्रभारी धर्मराज यादव पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और बारीकी से मुआयना करने के बाद परिजनों से घटना के विषय में पूछताछ की। मृतका के पिता ने पुत्री गगन को आग से जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी का कहना है कि अभी किसी भी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर दी गई, तो कार्रवाई की जाएगी।