महोबा। कोतवाली चरखारी के भटेवरा कला गांव में तालाब में नहाने गए किसान की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
ग्राम करहराखुर्द निवासी हरनाथ सिंह (60) पुत्र राजाराम भटेवरा कला गांव में रहकर खेतों की रखवाली करता था। खेत में ही वह झोपड़ी बनाए था। बुधवार की शाम किसान गांव के तालाब में नहाने गया था। नहाते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूबने लगा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने जब हरनाथ को डूबते देखा तो परिजनों को सूचना दी और तालाब में कूदकर बचाने का प्रयास किया। एक घंटे की मशक्कत के बाद किसान को तालाब से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। घटना से मृतक के पुत्र महेंद्र प्रताप व अरविंद का रो-रोकर बुरा हाल रहा। दोनों बेटों की शादी हो चुकी है। मृतक की पत्नी की कई वर्ष पहले मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।