जगराता कार्यक्रम में प्रस्तुति देते कलाकार
- फोटो : MAHOBA
महोबा। नवरात्र के पांचवें दिन भक्तों ने स्कंदमाता की पूजा-आराधना कर सुख-समृद्घि की कामना की। देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। जगह-जगह हवन-पूजन और कन्या भोज के आयोजन कराए गए। शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय मेले में भक्तों की भारी भीड़ जुटी।
शारदीय नवरात्र पर शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर, छोटी चंद्रिका मंदिर, काली माता, शारदा माता, चकौटा देवी मंदिर, सिंहवाहिनी समेत विभिन्न देवी मंदिरों में सुबह से ही पूजा अर्चना को लेकर भक्तों की भीड़ रही। भक्तों ने मां के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता की पूजा-अर्चना की।
पनवाड़ी प्रतिनिधि के अनुुसार कस्बे के प्राचीन बड़ी माता मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान मंदिर में 56 भोग का प्रसाद लगाया गया। बुधवार की रात उरई से आए कलाकारों द्वारा जागरण किया गया। देर रात तक चले आयोजन में भक्तों देवी-गीतों में झूमने को मजबूर हो गए। इस दौरान भगवान शंकर की वेशभूषा में कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुति व झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इस मौके पर मंदिर के पुजारी शिवचरण दीक्षित, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष टिंकू मिश्रा, रमेश अग्रवाल, राजेंद्र समेत सैकड़ों की संख्या में भक्त मौजूद रहे।