पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी के बस स्टैंड में अमित ट्रेडर्स के नाम से स्थापित इलेक्ट्रानिक की दुकान में बुधवार की रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें व धुएं का गुबार निकलने पर आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों के एकजुट प्रयास से तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक दुकान में रखी टीवी, कूलर, फ्रिज, पंखे समेत छह लाख रुपये की कीमत का इलेक्ट्रानिक सामान जलकर राख हो गया। शार्ट-सर्किट से दुकान में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
कस्बा पनवाड़ी के बस स्टैंड निवासी अमित नायक महोबा रोड पर अमित ट्रेडर्स के नाम से इलेक्ट्रानिक की दुकान हैं। बुधवार की रात करीब दस बजे अमित दुकान बंद करके अपने घर चला गया। तभी रात 12 बजे दुकान में शार्ट-सर्किट होने से अचानक आग लग गई। आग ने विकाराल रूप धारण करते हुए पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का गुबार निकलने पर आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए और पीड़ित दुकानदार को सूचना दी।
लोगों ने फायरबिग्रेड को जानकारी दी। लोगों ने तीन सबमर्सिबल पंप चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। आग बुझने के बाद फायरबिग्रेड के पहुंचने से लोगों में आक्रोश दिखा। पीड़ित दुकानदार अमित नायक ने बताया कि आग की घटना में दुकान में रखी 50 हजार की नगदी, टीवी, कूलर, पंखा, फ्रिज व अन्य बिजली के उपकरण जलकर बर्बाद हुए हैं। जिससे उसे करीब छह लाख रुपये की क्षति हुई। दुकान में आग लगने से दीवारों में दरारें आ गई। पीड़ित ने पुलिस व राजस्व विभाग को घटना की सूचना दी।