कुलपहाड़ (महोबा)। कोतवाली कुलपहाड़ के अंडवारा गांव में दो दिन से लापता युवक का शव तालाब में उतराता मिला। शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। परिजनों ने दो दोस्तों पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अंडवारा गांव निवासी चरण सिंह का बेटा हेमेंद्र कुमार (22) दस नवंबर की शाम घर से लापता हो गया था। पिता ने बताया कि हेमेंद्र को उसी दिन दो दोस्तों के साथ तालाब किनारे देखा गया था। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण गुजरे तो तालाब में युवक का शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। उसकी शिनाख्त पिता ने अपने बेटे हेमेंद्र के रूप में की। पिता का आरोप है कि बेटे के शरीर में चोटों के निशान हैं। आशंका जताई कि खाने-पीने के दौरान विवाद हुआ।
पिता ने बेटे के दो दोस्तों पर हत्या कर शक जताया है। सीओ हर्षिता गंगवार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सभी पहलुओं की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।