बुधवार से 500 और 1000 रुपये के नोट बंद होने से जिले में हालात खराब हो गए। लोग 500 और 1000 के नोट लिए सामन खरीदने के लिए भटकते रहे। लेकिन, दुकानदारों ने जरूरत की चीजें देने से भी मना कर दिया।
जिससे कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित रहा। बाजार में दुकानदार सारा दिन हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। वहीं, होटल और ढाबों में बड़े नोट न लेने से बाहरी लोगों को खाना तक नसीब नहीं हुआ। टेंपो और रिक्शा चालकों ने भी सवारी बैठाने से मना कर दिया।
बुधवार कोे 500 और 1000 के नोट बंद होने की खबरें आने के बाद हड़कंप मच गया। सुबह से ही लोग घरों से 500 और 1000 के नोट लेकर सामान खरीदने के लिए निकल पड़े। लेकिन, दुकानदारों नोट लेने से साफ मना कर दिया।
बड़े नोट बंद होने से सबसे ज्यादा दिक्कत आटा, सब्जी खरीदने वालों को हुई। वहीं, दूर दराज से जिला मुख्यालय में आए लोगों के बड़े नोट न चलने से उन्हें भोजन भी नसीब नहीं हुआ। कुछ लोगों ने मजबूर दलालों से 500 रुपये के एवज में 400 रुपये लेकर खानपान और किराए का इंतजाम किया। उधर, टोल टैक्स पर भी 500 और 1000 के नोट लेने से इनकार कर दिया।
जिससे हाइवे पर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लगने से जाम लग गया। इससे वाहन संचालकों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। टोल टैक्स की अदायगी न होने से रात भर ट्रक चालक व अन्य वाहन चालक फंसे रहे।
प्रतिदिन 1500 से 2000 ट्रक वाया खन्ना होते हुए कबरई गिट्टी लेने के लिए आते जाते हैं। मंगलवार की देर शाम को बड़े नोटों के बंद होने की खबर फैलते ही खन्ना में बने टोल टैक्स संचालक ने ट्रक चालकों से टोल टैक्स के एवज में 500 के नोट लेना बंद कर दिए।
ट्रक चालकों के पास फुटकर पैसे न होने के कारण ट्रक संचालकों ने वाहनों को निकलने से मना कर दिया। खन्ना से कबरई की तरफ जा रहे एक पशु व्यापारी ने जाम के दौरान पशु खरीदने के बजाए 15 हजार रुपये के 100-100 के नोट 500 रुपये के एवज में 400 रुपये में बांट दिए।
रेलवे स्टेशनों पर भी नहीं चला 500 का नोट
रेलवे स्टेशन में भी 500 को नोट नहीं चला। टिकट न मिल पाने से क्लर्क और यात्रियों के बीच तू-तू मैं-मैं भी हुई। बाद में कई यात्रियों ने बिना टिकट यात्रा की। कई होटल संचालकों ने यात्रियों को रात में होटल देने से ही मना कर दिया।
महोबा से मंगलवार को जयपुर पहुंचे कबरई निवासी रामकेस, अनुज त्रिपाठी और ग्वालियर गए बृजेश कुमार, राजेंद्र सिंह को रात में रुकने के लिए होटल संचालक ने 100-100 के नोट देने के लिए कहा। लेकिन 500 और 1000 के नोट होने पर होटल नहीं मिला।