फोटो 27 एमएएचपी 04 परिचय-मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी वारिस मंसूरी। स्रोत: पुलिस
महोबा। शहर कोतवाली और एसओजी टीम ने चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है। आरोपी के कब्जे से एक माह पहले शहर में दिनदहाड़े हुई चोरी का माल व 95 हजार रुपये बरामद हुए है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। 24 घंटे में जिले में मुठभेड़ की यह दूसरी घटना है।
कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय और एसओजी प्रभारी शिवप्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ स्टेशन रोड पर यशोदा नगर के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। तभी एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा गया। रोकने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में मिल्कीपुरा निवासी वारिस मंसूरी के पैर में लगी। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपी के कब्जे से 95 हजार रुपये, 36 ग्राम सोने के टुकड़े, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। चोरी की यह घटना 30 नवंबर को सत्तीनगर निवासी प्रदीप कुमार के घर दिनदहाड़े हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में वारिस भी शामिल था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि वारिस मंसूरी शातिर आरोपी है। उस पर चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर समेत 14 मुकदमे दर्ज हैं। यह गैंग बनाकर घटनाओं को अंजाम देता था, जनपद में रजिस्टर्ड है। पूछताछ की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।