महोबा। थाना श्रीनगर के ग्राम तिंदौली में आटा चक्की में स्पार्किंग होने से अचानक आग लग गई। घटना में आटा पीस रही महिला आग की चपेट में आ गई। चीख-पुकार सुनकर बचाने दौड़ा पति भी आग से झुलस गया। दोनों को गंभीर हालत में परिजन जिला अस्पताल लाए। जहां से डॉक्टरों ने महिला की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया है।
ग्राम तिंदौली निवासी सविता (30) पत्नी निर्वेद के मकान में आटा चक्की लगी है। बुधवार को सविता चक्की से आटा पीस रही थी। तभी अचानक बिजली के तारों में स्पार्किंग होने से आग लग गई। कमरे में आग पकड़ लेने से महिला आग की चपेट में आ गई। चीख-पुकार सुनकर पति निर्वेद (32) बचाने दौड़ पड़ा। किसी तरह महिला को कमरे से बाहर निकाला लेकिन तब तक पति के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए।
सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस से पति-पत्नी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां से डॉक्टरों ने महिला की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी है। निर्वेद के भाई विक्रम ने बताया कि स्पार्किंग होने से दंपत्ति आग से झुलसे हैं। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।