फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba News: संविदा लाइनमैन ने इलाज के दौरान दम तोड़ा, हाईवे पर परिजन ने लगाया जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रीनगर (महोबा)। फोरलेन सड़क के निर्माण का काम कर रही निजी कंपनी की लापरवाही से बिजली विभाग के संविदा लाइनमैन नौ दिसंबर को करंट की चपेट में आ गया था। इलाज के दौरान गुरुवार को युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण भड़क गए। दोपहर करीब एक बजे कानपुर-सागर हाईवे पर बेलाताल तिराहे के पास परिजन के साथ ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। तीन घंटे तक जाम लगे रहने से सैकड़ों वाहन दोनों ओर फंस गए। अफसरों के आश्वासन और निजी कंपनी की ओर से युवक के परिजनों को दस लाख रुपये की सहायता दिए जाने का समझौता होने के बाद जाम खुल सका।
विज्ञापन

कस्बा श्रीनगर के बड़ापुरा निवासी देवेंद्र यादव (35) बिजली निगम में संविदा पर लाइनमैन था। नौ दिसंबर की सुबह वह शटडाउन लेकर हाईटेंशन लाइन का फॉल्ट दुरस्त कर रहा था। तभी फोरलेन निर्माण का काम कर रही निजी कंपनी की बिजली लाइन का तार हाईटेंशन लाइन में गिर गया। करंट दौड़ने से संविदा लाइनमैन देवेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे इलाज के लिए ग्वालियर ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। अवर अभियंता देवकीनंदन आर्य की तहरीर पर पुलिस ने एलएनटी मशीन के चालक, बंसल कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर व कंपनी के अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
लाइनमैन की मौत से परिजन और ग्रामीण भड़क गए। 100 से अधिक लोगों ने हाईवे पर बेलाताल तिराहे के पास पहुंचकर जाम लगा दिया। युवक की पत्नी अनीता व अन्य परिजन एक करोड़ रुपये का मुआवजा और एक व्यक्ति को नौकरी दिए जाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर सीओ चरखारी दीपक दुबे, चरखारी कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह व दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। समझाने के बाद भी परिजन नहीं माने। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर हाईवे पहुंच गए। शाम करीब चार बजे विभागीय अधिकारियों ने विभाग से मिलने वाली सहायता दिलाने की बात कही जबकि निजी कंपनी के अधिकारियोंं ने दस लाख रुपये और परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी देने का भरोसा दिया। तब जाम खुल सका। तीन घंटे तक हाईवे जाम रहने से कानपुर, लखनऊ, हमीरपुर, बांदा, छतरपुर आदि जिलोंं को जाने वाले वाहन फंसे रहे। थानाध्यक्ष जयचंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र में डाला ताला
श्रीनगर। संविदा लाइनमैन की मौत होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित परिजन और ग्रामीण पावर हाउस पहुंच गए। जहां उन्होंने गेट पर ताला लगा दिया। इससे कस्बा श्रीनगर समेत आसपास के 42 गांवों की बिजली आपूर्ति दोपहर करीब 12 बजे बंद हो गई। जाम लगाने के बाद समझौता होने पर ग्रामीण शांत हुए। तब शाम छह बजे बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। बिजली निगम के एसडीओ नवीन सिंह ने बताया कि परिजनों के आक्रोश को देखते हुए आपूर्ति बंद की गई थी। जिसे बहाल कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें