महोबा/कुलपहाड। चित्रकूट धाम मंडल के कमिश्नर व जिले के नोडल अधिकारी गौरव दयाल ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ ग्राम घुटवई में निर्माणाधीन गोवंश विहार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शेष काम को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। सुगिरा गांव में चेकडैम के निरीक्षण के दौरान उसके आसपास गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
ग्राम घुटवई में 1.20 करोड़ की लागत से गोवंश विहार का निर्माण कार्य हो रहा है। जिसका लगभग 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। नोडल अधिकारी ने कार्यदायी संस्था को अविलंब निर्माण कार्य पूर्ण करने व सीवीओ डॉ. राकेश कुमार को अतिशीघ्र अपने पजेशन में लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश विहार को हैंडओवर लेने के बाद अन्ना गोवंशों को उसमें रखने की कार्रवाई की जाए। इससे किसानों को अन्ना जानवरों से छुटकारा मिलेगा। निरीक्षण के दौरान गोवंश विहार परिसर में डीएम अवधेश कुमार तिवारी व सीडीओ हीरा सिंह ने पौधरोपण भी किया।
कुलपहाड़ प्रतिनिधि के अनुसार कमिश्नर ने कोविड-19 संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सुगिरा गांव के नाले पर बने चेकडैम का निरीक्षण किया। चेकडैम के दोनों तरफ जमी सिल्ट देख नाराजगी जताई और लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को उसे साफ कराने के निर्देश दिए। सुगिरा में बने नवनिर्मित इंटर कॉलेज के क्वारंटीन केंद्र को भी देखा और सीएमओ डॉ. सुमन से स्टाफ संबंधी जानकारी ली।
इसके बाद बेलाताल रोड पर स्थित निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक की इमारत का निरीक्षण किया। सीएमओ ने बताया कि यहां पर 350 बेड का अस्पताल तैयार करने की योजना है। जिसके तहत काम किया जा रहा है। उन्होंने स्टाफ की कमी बताई। इस मौके पर डीएम अवधेश कुमार तिवारी, एसडीएम कुलपहाड़ मोहम्मद उवैस और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।