महोबा। बीस दिन पहले टप्पेबाजी कर चार हजार रुपये लेकर रफूचक्कर होने वाले अभियुक्तों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही थी। बुधवार की शाम को पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार के निर्देश पर कबरई पुलिस ने एसबीआई बैंक के पास दबिश देकर तीन बदमाशों को दबोच लिया और दो भाग निकले। आरोपियों के पास से तीन मोटर साइकिलें, पांच मोबाइल और 3,560 रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बदमाश कबरई में टप्पेबाजी करके फरार हो गए थे। तब से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। बुधवार को बदमाशों के एसबीआई बैंक के पास बस का इंतजार करने की सूचना मिली। इस पर थानाध्यक्ष कबरई देवेंद्र कुमार शुक्ला, एसआई दिनेश सिंह, कांस्टेबल शिवदत्त, बलवंत और भूपेंद्र ने घेराबंदी कर सुजीत पटैरिया निवासी बजरंग चौक महोबा, राकेश प्रजापति निवासी बीजानगर रोड महोबा, सूरज वर्मा मोहल्ला सुभाषनगर को दबोच लिया।
दिनेश कुशवाहा मोहल्ला सुभाषनगर और राहुल उफ डिब्बू निवासी कांशीराम कॉलोनी बीजानगर रोड भाग गए। एसपी ने बताया कि सुजीत पटेरिया के पास से एक मोबाइल, काले रंग की डिस्कवर बाइक, एक तमंचा व 2,200 रूपये बरामद हुए हैं। राकेश के पास से 1,360 रूपये व एक मोबाइल, सूरज वर्मा के पास से काले रंग की टीवीएस स्पोर्ट बाइक, दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने एक हीरो हॉंडा स्पलेंडर बाइक बरामद की।