भीषण ठंड व शीत लहरी अब जानलेवा हो गई है। शनिवार को ठंड की चपेट में आकर एक मासूम बालिका सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटनाओं से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है। ठंड के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। लोग आग का सहारा लेकर ठंड से बचाव कर रहे है।
थाना कबरई के ग्राम बबेड़ी निवासी शिखा (4) पुत्री बउआ शनिवार को ठंड की चपेट में आ गई। उल्टी दस्त के साथ हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना थाना श्रीनगर के ग्राम बिलरही में घटित हुई। बिलरही निवासी सरजू उर्फ
कूरा (62) शुक्रवार की रात खेतों की रखवाली कर रहा था। अचानक हाथ पैर अकड़ने पर उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां सरजू की मौत हो गई।इसी प्रकार शहर के मोहल्ला हमीरपुर चुंगी निवासी निधि (30) पत्नी पुष्पेंद्र की ठंड लगने से हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज
के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार दौरान निधि की मौत हो गई। घटनाओं से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है। परिजन पोस्टमार्टम कराए बगैर ही शव घर ले गए। जगह-जगह अलाव जलाकर लोग ठंड से बचाव कर रहे है। प्रशासन द्वारा अभी तक सार्वजनिक स्थानों पर अलाव और गरीबों को कंबल वितरित किए जाने की व्यवस्था नहीं की गई है।