महोबा। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में हो रही हैं। मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल के गणित की परीक्षा 604 छात्र-छात्राओं ने छोड़ दी। डीएम व एसपी ने छह परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण व्यवस्थाएं परखीं। जिले में अभी तक कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया।
पहली पाली में मंगलवार को हाईस्कूल गणित विषय के प्रश्न पत्र में पंजीकृत 8,005 छात्र-छात्राओं में से 7,401 उपस्थित हुए जबकि 604 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट ट्रेड में पंजीकृत 320 परीक्षार्थियों में से 301 उपस्थित हुए जबकि 19 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के कंप्यूटर, कृषि वनस्पति विज्ञान व कृषि अर्थशास्त्र में पंजीकृत 131 छात्र-छात्राओं में से 126 ने परीक्षा दी जबकि 5 अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी व पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार ने शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज समेत छह परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि जिन कक्षों में प्रकाश की कमी है, वहां दो-दो एलईडी बल्ब अतिरिक्त लगवाए जाए। कहा कि परीक्षा केंद्रों पर तीसरी आंख की नजर है। सीसीटीवी कैमरे व ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग निरंतर चलती रहे, ताकि नकलविहीन परीक्षा कराई जा सके। परीक्षा के लिए नामित जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट भी केंद्रों में पहुंचकर जायजा लेते रहे।