महोबा। एक दीया बलिदानियों के नाम अभियान के तहत सोमवार को बुंदेलों और पूर्व सैनिकों ने शहीदों के समाधि स्थल पहुंच दीपदान किया। इस दौरान देश के लिए अपना सबकुछ न्यौछावर करने वाले बलिदानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। अभियान की शुरूआत गंज गांव स्थित कारगिल शहीद बालेंद्र सिंह की समाधि से हुई।
बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने बताया कि पहले सभी समाधि स्थलों की साफ सफाई की गई फिर हर समाधि पर 21 दिये जलाए गए और दो मिनट का मौन रखा गया। शहर से 15 किमी दूर गंज गांव में शहीद बालेंद्र के समाधि स्थल पर दीपदान के बाद बुंदेले कल्याण सागर पहाड़ी पहुंचे। जहां शहीद दिनेश बुधौलिया की समाधि पर दीपदान किया। पूर्व सैनिक कल्याण संघ के अध्यक्ष कैप्टन मोहन सिंह व देवीदीन यादव ने बताया कि लांसनायक शहीद बालेंद्र सिंह एक जून 1999 को कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में शहीद हुए। कबरई के मुख्य चौराहे पर उनकी मूर्ति लगाने का ऐलान हुआ था। उनके नाम से सड़क मार्ग का नामकरण होना था लेकिन प्रशासन बाद में सब भूल गया। उनकी मूर्ति पूर्व सैनिकों ने चंदा कर बनवाई है। इसके बाद पचपहरा गांव में शहीद जगदीश यादव व कीरत सागर तट स्थित शहीद राकेश चौरसिया की समाधि पर दीपदान किया गया।
इस मौके पर कृष्णाशंकर जोशी, रवींद्र सिंह, हुकुम सिंह यादव, इंद्रपाल सिंह, बृजेश सिंह, उदित नारायण, कैप्टन लाल सिंह सेंगर, अमरचंद राजपूत, गौरी, सतीश बुधौलिया, शुभम, दयाशंकर यादव, ज्ञानदास चौरसिया आदि मौजूद रहे।