महोबा। सुभाष चौकी पुलिस ने जुए के फड पर छापा मारकर तीन बाइकें चौकी में रखीं। इससे गुस्साए दबंगों ने चौकी में उत्पात मचाया, तोड़फोड़ की और तीन सिपाहियों को पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि चौकी में आग लगाने की धमकी भी दी। चौकी प्रभारी की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
चौकी प्रभारी पुरुषोत्तम विश्वकर्मा गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला शेखनपुरा में ज्ञान चौरसिया के मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग मकान से निकलकर भाग गए। एक युवक को पकड़कर उससे पूछताछ की गई लेकिन उसने कुछ भी नहीं बताया। तब पुलिस मौके पर खड़ी तीन बाइकों को सुभाष चौकी ले आई और परिसर में खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद ही एक बाइक से कपिल चौरसिया व गौतम चौरसिया चौकी पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ गाली-गलौज करते हुए मेज में रखे कागजात फेंकने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने जब विरोध किया तो दोनों युवकों ने मोटर साइकिलें लाने का कारण पूछते हुए लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में सिपाही जितेंद्र के गुप्तांग में चोट आईं, जबकि धीरेंद्र यादव व लालजीत भी घायल हुए। बाद में आरोपियों ने चौकी में आग लगाने की धमकी देते हुए मौके पर रखी मेज और कुर्सियां तोड़ दीं। चौकी प्रभारी ने साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। चौकी प्रभारी की तहरीर पर कपिल चौरसिया पुत्र मोहनलाल व गोतम चौरसिया निवासीगण मोहल्ला शेखनपुरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घायल सिपाहियों को रात में ही डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि दोनों को गिरफ्तार किया गया है। जांच कराई जा रही है।