महोबा। माधवगंज में पहली बार शादी में घोड़ी चढ़ने की ख्वाहिश जताने पर सुर्खियों में आए अनुसूचित जाति के अलखराम की दुल्हन के बालिग या नाबालिग होने की पुष्टि गुरुवार को नहीं हो पाई है। उम्र की जांच के लिए दुल्हन को जिला अस्पताल लाया गया। आवश्यक कार्रवाई में समय निकल जाने के कारण जांच नहीं हो पाई। शुक्रवार को दुल्हन को फिर उम्र की जांच के लिए जिला अस्पताल बुलाया गया है।
माधवगंज में अनुसूचित जाति के अलखमराम ने रूढ़िवादी परंपराओं को तोड़कर शादी में घोड़ी चढ़ने की तमन्ना सोशल मीडिया पर जाहिर की थी। इसके बाद कई राजनैतिक संगठनों ने उसकी ख्वाहिश पूरी करने के लिए मदद का भरोसा दिलाया था। सोशल मीडिया पर अलखराम की दुल्हन नाबालिग होने की पोस्ट वायरल होने के बाद एएसपी आरके गौतम ने मामले की जांच सीओ कुलपहाड़ को सौंपी थी।
जांच अधिकारी की तबीयत बिगड़ने से गुरुवार को जांच में तेजी नहीं आ सकी। हालांकि दुल्हन की उम्र का पता लगाने के लिए गुरुवार को जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन शाम हो जाने से उसकी जांच नहीं हो सकी।
सीएमओ डॉ. मनोजकांत सिन्हा ने बताया कि उम्र की जांच के लिए बीहट गांव की लड़की आई थी। वह कार्यालय देर से आई। इस कारण जांच के लिए शुक्रवार को बुलाया गया है। उधर, एसपी सुधा सिंह का कहना है कि जांच कर रहे सीओ कुलपहाड़ की तबियत ठीक न होने से जांच पूरी नहीं हो सकी है। जल्द ही मामले की जांच पूरी कराई जाएगी।