ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण एक पखवारे से खन्ना कस्बे की पेयजल आपूर्ति ठप है। शिकायत के बाद भी अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। बारिश के मौसम में भी पानी के लिए हायतौबा मची है। जिससे मजबूरन लोगों को कुओं और हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है।
विकासखंड कबरई के कस्बा खन्ना में ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति की जाती है। एक पखवारा पहले कस्बे का ट्रांसफार्मर व ट्यूबवेल का मोटर एक साथ फुंक गया। जिससे कस्बे में पानी को लेकर हायतौबा मच गई। हालत यह है कि लोगों को दूर दराज में स्थित कुएं और हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा है। जिससे कुओं और हैंडपंपों में सुबह से ही भीड़ जुट जाती है।
पहले पानी भरने को लेकर आए दिन लड़ाई हो रही है। लोगों ने बताया एक सप्ताह पहले ट्रांसफार्मर ठीक हुआ और दूसरे दिन ही फुंक गया। अब लगातार एक पखवारे से पानी की समस्या है। लोगों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। जल संस्थान के अवर अभियंता एसके वर्मा का कहना है बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर न बदले जाने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता नन्हूका कहना है कि जल्द ही ट्रांसफार्मर ठीक कराया जाएगा।