संवाद न्यूज एजेंसी
कुलपहाड़/बेलाताल। जिले में तीन स्थानों पर चल रहे रामलीला के मंचन देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ जुट रही है। कस्बा बेलाताल में रामलीला महोत्सव के आठवें दिन राम-केवट संवाद की लीला का मंचन किया गया। मंचन देख दर्शक भाव-विभोर हो गए।
मंचन में दिखाया गया कि भगवान राम को राजगद्दी देने की तैयारियों के बीच दासी मंथरा ने रानी कैकई के कान भरे। जिस पर रानी ने राजा दशरथ से दो वरदान मांगें। राम को वनवास का वचन मांगने पर राजा दशरथ विलाप करने लगे। वहीं हास्य कलाकार पुष्पेंद्र ने सभी को जमकर गुदगुदाया।
इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक इंद्रपाल रिछारिया, चौकी प्रभारी दिनेश सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे। कुलपहाड़ संवाद के अनुसार कस्बे में चल रहे रामलीला में लंका दहन की लीला का मंचन किया गया। माता सीता का पता लगाने के लिए समुद्र लांघकर लंका पहुंचे हनुमान ने रावण की सोने की लंका जला दी। वहीं अजनर में चल रही रामलीला में धनुष यज्ञ की लीला का मंचन हुआ। भगवान राम के धनुष तोड़ने पर सीता स्वयंवर की लीला दिखाई गई। इस मौके पर अनुज सोनी, राकेश त्रिपाठी, राजू तिवारी, इंद्रपाल, मुकुंदी राजपूत आदि मौजूद रहे।