श्रीनगर (महोबा)। ब्लाॅक कबरई के सिजहरी गांव में संत रविदास की मूर्ति खंडित करने और साइन बोर्ड उखाड़कर फेंक दिए जाने से लोग भड़क गए। तनाव को देखते हुए गांव में तीन थानों की फोर्स तैनात की गई। सपा सांसद प्रतिनिधि अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने घटनास्थल पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद पहुंचे सपा सांसद को अफसरों ने दो दिन के अंदर आरोपियोंं की गिरफ्तारी का भरोसा दिया। तब चार घंटे बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।
सिजहरी गांव में संत रविदास का मंदिर स्थापित है। बृहस्पतिवार की रात अराजकतत्वों ने संत रविदास की मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी। साथ ही बाहर लगा बोर्ड भी उखाड़कर फेंक दिया। सुबह जब लोगों ने मूर्ति खंडित देखी तो वह भड़क गए। सूचना मिलते ही एसडीएम शिवध्यान पांडेय, सीओ चरखारी दीपक दुबे व सीओ कुलपहाड़ रविकांत गोंड मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभालते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
दोपहर करीब 12 बजे सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के प्रतिनिधि अखिलेश वर्मा मौके पर पहुंचे और भीम आर्मी के कार्यकर्ता रामबाबू, राजू, अखिलेश व ग्रामीणाें के साथ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। तनाव को देखते हुए श्रीनगर, चरखारी व महोबा थानों की पुलिस को गांव में तैनात किया गया। शाम चार बजे सपा सांसद भी मौके पर पहुंचे और दो दिन के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। अफसरों ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। तब कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया। थानाध्यक्ष जयचंद्र सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को चिहिन्त किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।