महोबा। झांसी- मिर्जापुर हाईवे पर तैइया गांव के पास टेंपो और स्कार्पियों में भिड़ंत होने से टेंपो सवार सात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए । सोमवार को पनवाड़ी से यात्रियों को लेकर टेंपो कोटरा की तरफ जा रहा था।
उधर हरपालपुर की तरफ से पनवाड़ी जा रही स्कार्पियो की तैइया गांव के पास टेंपो से भिड़ंत हो गई । टेंपो पलटने से उसमे बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई । राहगीरों ने टेंपो के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाल कर पनवाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
घायलों की हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उन्हें मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया। घायलों में कुस्मा (50) पत्नी कल्ली ग्राम कौनिया, मुन्नी (45) पत्नी बड़े कोटरा, भूपेंद्र (32) पुत्र रमस्वरूप दुलारा, कमलेश (32) पुत्र बड़े कोटरा, सुनील (30) पुत्र बड़े, टेंपो चालक हरभजन (30) पुत्र रामेश्वर शामिल है। दुर्घटना में टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद स्कार्पियो चालक भाग गया।