झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आरा मशीन के पास दो टेंपो की आमने सामने भिड़ंत हो जाने से एक टेंपो पलट गया, जिससे टेंपो सवार यात्री उसके नीचे दब गए। दुर्घटना के बाद चीख पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार व राहगीरों ने पहुंच कर टेंपो को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
गुरुवार को एक टेंपोे पनवाड़ी से कुलपहाड़ की तरफ आ रहा था, वहीं दूसरा टैंपो कुलपहाड़ से पनवाड़ी की ओर तेज रफ्तार से जा रहा था। कुलपहाड़ से एक किलोमीटर आगे आरा मशीन के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे टेंपो से टक्कर हो गई, जिससे एक टेंपो पलट गया, टैंपो पलटते ही उसमें सवार यात्री टैंपो के नीचे दब गए। तभी टैंपो चालक यात्रियों को बचाने के बजाए टैंपो छोड़कर भाग गया।
दुर्घटना के बाद चीख पुकार सुन लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और आनन फानन में टेंपो के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना से ग्राम गोरखा निवासी संगीता (25), मुन्नी (11) और पनवाड़ी निवासी रामचरन (70) घायल हो गए। जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जबकि अन्य यात्री बाल-बाल बच गए।