सूक्ष्म लघु एवं उद्यम व निर्यात प्रोत्साहन विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को आयोडीन युक्त नमक का ही सेवन करना चाहिए। साधारण नमक का सेवन करने वाले लोगाें में आयोडीन की पूर्ति न होे पाने के कारण मस्तिष्क का समुचित विकास नहीं हो पाता।
विशेष सचिव गुरुवार को विकासखंड कबरई के ग्राम पसवारा में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य पोषण के दिवस पर बोल रहे थे। उन्हाेंने कहा कि गर्भवती महिलाआें और बच्चाें का समय-समय पर टीकाकरण किया जाना आवश्यक है। छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर बच्चाें को कुपोषण से बचाया जा सकता है। उन्हाेंने कुपोषण को मिटाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा किए जा रहे प्रयासाें की सराहना की। मुख्य विकास अधिकारी शिवनारायण ने कहा कि महिलाएं शासन द्वारा चलाई जा रहीं योजनाआें का लाभ उठाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनीत कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि गर्भवती महिलाएं जिला अस्पताल में प्रसव कराकर जननी सुरक्षा योजना का लाभ उठाएं। उन्हाेंने कहा कि जन्म के तुरंत बाद बच्चे को स्तनपान कराना आवश्यक है। छह महीने तक स्तनपान कराने से बच्चा स्वस्थ रहता है। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी रामेश्वर पाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी वर्मा सहयोगी सेवा संस्थान की अध्यक्ष नेहा चंसौरिया मौजूद रहे।