जिला स्तरीय तहसील दिवस का आयोजन जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील सभागार में किया गया। इसमें राशन और बिजली का मुद्दा छाया रहा। 61 शिकायती पत्रों में से महज दो शिकायतों का निस्तारण हुआ।
तहसील दिवस में ग्राम अलीपुरा की ग्राम प्रधान अशोकरानी ने शिकायती पत्र में बताया कि गांव का दबंग कोटेदार बिना सत्यापन कराए ही खाद्यान्न वितरण कर रहा है। वहीं कोनिया गांव के परमलाल, हरदयाल, दुलीचंद्र, रामप्रसाद ने शिकायती पत्र में बताया कि उनके गांव का कोटा काशीपुरा में अटैच है।
वहां का कोटेदार 22 रुपये लीटर मिट्टी का तेल देता है। भागवत प्रसाद, अशोक कुमार सहित थुरट के ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि बिजली विभाग मनमाने तरीके से बिजली बिल भेज रहा है।
ग्राम लिधौरा निवासी अशोक सक्सेना कृषि निवेश राहत राशि न मिलने की शिकायत की। जैतपुर के रामसेवक ने लोहिया आवास आवंटन न होने का शिकायती पत्र देते हुए बताया कि अपात्रों को लोहिया आवास का आवंटन किया गया है।
जबकि पात्र लोगों को आवंटन नहीं किया जा रहा है। तहसील दिवस में एसपी गौरव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ए के सिंह, एसडीएम विनय पाठक, सीओ कुलपहाड़ विनोद सिंह, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता नन्हू, जिला कृषि अधिकारी आदि मौजूद रहे।
पिछले माह किसान यूनियन द्वारा हमीरपुर के सीएम के कार्यक्रम के दौरान उपद्रव करने से जिला प्रशासन तहसील दिवस के दौरान खासा चौकन्ना रहा। तहसील परिसर में चल रहे किसानों के धरना प्रदर्शन को देखते हुए जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में किसान एकजुट होकर न घुस सके इस गरज से तहसील दिवस सभाकक्ष के दोनों तरफ फोर्स लगा दी। गेट पर अधिक फोर्स होने के कारण इस दफा तहसील दिवस में मात्र 61 शिकायतें ही आई।