महोबकंठ (महोबा)। यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध में नहाते समय एक किशोर की डूबने से मौत हो गई।
15वीं वाहिनी पीएसी आगरा की रेस्क्यू टीम ने चार घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि नहाते समय जलकुंभी में फंसने से किशोर डूब गया, इससे उसकी मौत हुई।
जनपद छतरपुर के बसंतपुर निवासी ठाकुर अहिरवार का बेटा अंकित (14) अपनी मां जमुना के साथ रक्षाबंधन पर ननिहाल सरसेड गांव आया था। मंगलवार की शाम अंकित अपनी मां और मामा आकाश के साथ लहचूरा बांध में नहाने गया। नहाते समय अंकित गहराई में डूब गया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। तब प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना पर बुधवार की सुबह पहुंची 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा की रेस्क्यू टीम ने चार घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बांध में बेटे के डूबने से मां सुधबुध खो बैठी है।