फोटो 10 एमएएचपी 10 परिचय-आकाश अहिरवार (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
पनवाड़ी (महोबा)। थाना पनवाड़ी के बुड़ेरा गांव में बृहस्पतिवार को छोटे भाई के साथ नाले में नहाने गए किशोर की गहराई में डूबने से मौत हो गई। कुछ दूरी पर नहा रहे छोटे भाई के शोर मचाने पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने किशोर को बचाने का प्रयास किया लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बुड़ेरा निवासी खिलाड़ी अहिरवार का बेटा आकाश (13) गांव के बाहर से निकले बड़े नाले में बारिश के भरे पानी में नहाने गया था। कुछ दूरी पर उसका छोटा भाई भी नहा रहा था। इसी दाैरान आकाश का पैर फिसल गया और वह गहराई में चला गया। यह देख छोटे भाई ने शोर मचाया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। एक घंटे की मशक्कत के बाद किशोर को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। सूचना पर नायब तहसीलदार मुकुल कुमार, लेखपाल देवेंद्र कुमार व चौकी प्रभारी सत्यप्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के पिता ने बताया कि नाले में नहाते समय गहराई पानी में डूबने से बेटे की मौत हुई है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।