महोबा। जिले संक्रामक बीमारियों का कहर जारी है। मंगलवार को बुखार से पीड़ित किशोरी की मौत हो गई। उधर, जिला अस्पताल समेत निजी क्लीनिकों में उल्टी, दस्त और बुखार के साथ सर्दी-जुकाम के मरीजों की भरमार है।
जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीज व तीमारदारों की भीड़ जुट रही है। मंगलवार को 632 मरीज उपचार कराने पहुंचे। पैथोलॉजी में हुई जांचों में 26 टाइफाइड और नौ मरीजों में डेंगू के लक्षण मिलने पर जांच कराई गई। जिसमें दोनों में तीन-तीन मरीज पॉजिटिव पाए गए। आरटीपीसीआर लैब में स्थापित एलाइजा मशीन में हुए टेस्ट में एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई।
उधर, थाना कबरई के परसहा गांव निवासी नेहा (16) को दो दिन से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां मंगलवार को उपचार दौरान उसकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल के डॉ. राजेश भट्ट का कहना है कि ऐसे मौसम में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। बच्चों को सुबह-शाम फुल आस्तीन के कपड़े पहनाएं। खानपान में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।