समाज में चुप रहने से काम नहीं चलेगा। किशोरियां स्वच्छता अपनाएं और एक दूसरे से इस बारे में विचार विमर्श भी करें। ये सलाह प्रशिक्षक डॉ. नीलमा ने मंगलवार को कस्बे के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित चुप्पी तोड़ो स्वच्छता अपनाओ कार्यक्रम में दी।
उन्होंने किशोरियाें से कहा कि स्वच्छता अपनाने से तमाम प्रकार की बीमारियों और संक्रमण से बचाव होता है। किसी प्रकार की समस्या होने पर किशोरियां परिजनों से बात करें। चिकित्सकों से भी परामर्श लें। एसडीएम प्रबुद्ध सिंह ने कहा कि जीवन में स्वच्छता का विशेष महत्व है।
किशोरियों को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा व्यायाम करना चाहिए। शरीर स्वस्थ रहने से प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। जिला विद्यालय निरीक्षक मंशाराम पटेल ने भी छात्राआें को संबोधित किया। मौके पर प्रधानाचार्य अर्चना त्रिवेदी, ब्लाक कार्यक्रम अधिकारी जयश्री अरजरिया सहित खरेला और चरखारी की छात्राएं मौजूद रहीं।