राष्ट्रीय पार्टी जनता को मुंगेरीलाल के सपने दिखा रही है। वहीं सपा की योजनाआें पर टीका टिप्पणी की जा रही है। किसानाें से जुड़े मुद्दों पर भी सियासत की जा रही है। इटावा, कानपुर, बाराबंकी में खाद लदी मालगाड़ियों को शहर के बाहर ही रोका जा रहा है। ये बात राज्यमंत्री राजीव कुमार सिंह ने मंगलवार को मकुंदलाल तिवारी इंटर कॉलेज में समाजवादी पेंशन योजना के लाभार्थियाें को परिचय पत्र देते समय कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगाें को योजनाओं का तोहफा देने वाली सपा ही राष्ट्रीय पार्टी के निशाने पर है। उसकी योजनाओं पर ब्रेक लगाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन जनता इस चाल को समझ गई है। यही वजह है कि चरखारी में हुए विधान सभा उप चुनाव में सपा को 50 हजार वोटों से जीत मिली।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत करोड़ों खाते तो खुलवा दिए गए लेकिन आज तक एक भी धेला नहीं दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष अंशु शिवहरे ने कहा कि समाजवादी पेंशन योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी के खाते में हर माह 500 रुपये भेजे जाएंगे।
डीएम वीरेश्वर सिंह ने कहा कि इस योजना में पारदर्शिता का बेहद ध्यान रखा गया है। बताया कि जिले में वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के चार हजार लाभार्थियाें को मिलाकर 43 हजार लोगों को समाजवादी पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है।
मौके पर राज्यमंत्री द्वारा 500 लाभार्थियाें को परिचय पत्र वितरित किए गए। सीडीओ शिवनारायण, एसपी रामकिशोर, सपा जिलाध्यक्ष बाबू मंसूरी, छत्रपाल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव, रमेश यादव, कमलेश पालीवाल, नगर पालिका चरखारी के चेयरमैन प्रतिनिधि मुईनुद्दीन, प्रान सिंह यादव, शिवकिशोर पांडेय आदि मौजूद रहे।