श्रीनगर (महोबा)। थाना क्षेत्र के ननौरा गांव में दो दिन पहले गल्ला व्यापारी पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों का जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद उन्हें जेल भेजा गया है।
ननौरा गांव निवासी व्यापारी अरविंद गुप्ता दो दिन पहले महोबा मंडी जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ा था। तभी रंजिश के चलते तीन लोगों ने उस पर लाठी-डंडें से हमला कर दिया था। पीड़ित व्यापारी ने आरोपियों पर 3.12 लाख रुपये की नगदी से भरा बैग छीन ले जाने का आरोप लगाया था लेकिन पुलिस ने लूट की घटना से इनकार करते हुए मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाने का मामला तीन लोगों के खिलाफ दर्ज किया था। रविवार को पुलिस ने घटना में फरार चल रहे आरोपी देवेंद्र पटेल, रामलला पटेल व अवधेश उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। (संवाद)