हरदोई। परिषदीय शिक्षकों को पदोन्नति का तोहफा अब दिवाली के बाद मिलेगा। वरीयता सूची में विसंगतियां अधिक होने पर 12 नवंबर तक शिक्षकों को आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया गया है। 12 नवंबर के उपरांत ही अंतिम वरीयता सूची जारी की जाएगी।
जिले के 9,249 परिषदीय शिक्षकों की वरीयता सूची जारी की गई थी। वरीयता सूची के उपरांत शिक्षकों से आपत्तियां छह नवंबर तक देने को कहा गया था। विभागीय शेड्यूल के अनुसार सात तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी की जानी थी। मगर वरीयता सूची में विसंगतियां अधिक होने के कारण उनका निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
शिक्षकों की ओर से लगातार आपत्तियां दर्ज कराई जा रही थीं। शिक्षक संघ ने भी विसंगतियों को दूर करने के बाद भी अंतिम वरीयता सूची जारी करने की मांग की थी। इस पर बीएसए प्रभात मिश्र की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देशित किया गया है कि 12 नवंबर तक शिक्षकों से आपत्तियां ली जाएं और उनका निस्तारण किया जाए। शिक्षकों की आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद ही सूची को मुख्यालय भेजा जाए।