हरदोई। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच जिले में विधानसभावार मतदान केंद्र और मतदेय स्थल का समभाजन करा लिया गया है। राजनीतिक दलों के सुझाव और आपत्तियों को समाहित कर मतदाता संख्या के अनुपात के केंद्र और स्थल तय किए गए हैं। जिले में 15 मतदान केंद्र और दो मतदेय कम हो गए हैं।
विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के साथ ही आयोग की तरफ से दी गई व्यवस्था के क्रम में मतदान केंद्र और मतदेय स्थलों के समभाजन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों का निर्धारण विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद जिले में मतदाता संख्या के अनुपात पर किया गया। इससे मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की संख्या में बदलाव आया है।
समभाजन की प्रक्रिया में विधानसभा क्षेत्र सवायजपुर में मतदान केंद्रों की संख्या में बदलाव नहीं हुआ है लेकिन मतदेय स्थलों की संख्या बढ़ गई है। वहीं शाहाबाद में मतदान केंद्रों की संख्या वही रही लेकिन मतदेय स्थलों की संख्या कम हो गई। ऐसे ही विधानसभा क्षेत्र हरदोई, गोपामऊ, सांडी, बिलग्राम-मल्लावां, बालामऊ और संडीला में मतदान केंद्रों की संख्या में कमी आई है।
विधानसभावार मतदान केंद्र और मतदेय स्थलों की संख्या पर एक नजर
विधानसभा : मतदान केंद्र : मतदेय स्थल (पहले) : मतदान केंद्र : मतदेय स्थल (अब)
.सवायजपुर : 319 : 475 : 319 : 500
.शाहाबाद : 270 : 436 : 209 : 434
.हरदोई : 298 : 452 : 207 : 456
.गोपामऊ : 244 : 427 : 240 : 429
.सांडी : 239 : 411 : 240 : 403
.बिलग्राम-मल्लावां : 292 : 472 : 288 : 482
.बालामऊ : 271 : 434 : 267 : 429
.संडीला : 282 : 419 : 277 : 413
जिले में विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के अनुपात में मतदान केंद्र और मतदेय स्थलों का समभाजन किया गया है। आयोग से इसका अनुमोदन भी प्राप्त हो गया है। -दीपाली भागर्व, उप जिला निर्वाचन अधिकारी