महोबा। ब्लॉक चरखारी के गोरखा गांव में डीएम मनोज कुमार ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। डीएम ने लीड बैंक प्रबंधक व संबंधित विभाग के अधिकारियों को फसल बीमा, पेंशन, श्रम कार्ड व अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए गांव में शिविर लगाने के निर्देश दिए।
चौपाल में डीएम गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार की किट भेंटकर गोद भराई की रस्म अदा की। कहा कि गर्भवती महिलाएं अपनी नियमित जांच कराएं और चिकित्सीय सलाह लेती रहें। जिससे उन्हें किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं न हो पाए। डीएम ने किसानों से अपनी फसलों का बीमा कराने की अपील की। कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा होने पर किसानों की फसलों का उचित मूल्य मुआवजे के रूप में मिल सकेगा।
चौपाल में किसानों को मशरूम की खेती, मत्स्य पालन व पशुपालन से आय बढ़ाकर लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया। कहा कि ग्रामीण अपने जानवरों को अन्ना न छोड़ें। गाय को माता के समान पालकर उसका पालन-पोषण करें। इस मौके पर सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, एसडीएम अरुण कुमार दीक्षित आदि मौजूद रहे।