खन्ना (महोबा)। कस्बा खन्ना में पत्नी की धारदार हथियार से हत्याकर स्वयं करंट लगाकर जान देने की घटना के बाद रविवार को पूरे गांव में मातम छाया रहा। बहू बेटे की मौत से मां माया बदहवास हो गई है। दो दिन से घर का चूल्हा भी नहीं जला। पड़ोसियों ने खाना भेजा, माया ने नहीं खाया। दंपती के अंतिम संस्कार के बाद दोनों मासूम बच्चों को उनके मामा ननिहाल ले गए।
गौरतलब है कि कस्बा खन्ना निवासी कौशल किशोर गुप्ता ने 15 जुलाई की रात विवाद के बाद पत्नी मंजू की हसिया व कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद स्वयं करंट लगाकर मौत को गले लगा लिया था। कौशल की मां ने बेटे को मानसिक रूप से कमरोज होने की बात कही थी।
घटना के बाद अकेली हुई मां माया का रो-रोकर बुरा हाल रहा। एक दिन पहले तक जिस घर में पूरा परिवार हंसी-खुशी रह रहा था। वहां रविवार को मां अकेली बदहवास बैठी रही। माया ने बताया कि कौशल उसका इकलौता पुत्र था और बुढ़ापे का सहारा था। वह दोनों नातियों के भरण-पोषण के लिए जो जमीन है, वह अपने नाम रखेगी। पड़ोसियों ने माया के लिए खाना भेजा लेकिन उसने दो दिन से एक दाना भी नहीं खाया और दरवाजे पर गुमसुम बैठी रही।