पुत्र को मिठाई खिलाकर खुशी मनाते परिजन
- फोटो : amar ujala
खरेला (महोबा)। किसान के एकलौते बेटे ने जेईई मेन 2019 के एनटीए ने जारी किए ओवर आल स्कोर में 95.4 प्रतिशत अंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया। ज्वाइंट एंट्रेस एग्जामिनेशन के जारी हुए परिणाम में सफलता से गांव और जिले का गौरव बढ़ाने वाले मेधावी को सभी ने बधाई दी।
थाना खरेला के ग्राम बसौठ के किसान बृजनंदन तिवारी के पुत्र सनी तिवारी ने कानपुर में दो वर्ष की तैयारी के बाद एनटीए द्वारा जारी जेईई मेन की दो चरणों मे हुई परीक्षा में दूसरे चरण अप्रैल की परीक्षा परिणाम में 95.4 अंक लेकर कामयाबी पाई। चार बहनों में चौथे और किसान के इकलौते पुत्र सनी ने हाईस्कूल महोबा के संत जोसफ्स स्कूल से वर्ष 2015 में 86 फीसदी अंक के साथ पास किया था। वर्ष 2017 में इंटरमीडिएट हमीरपुर जिले के मुस्करा के आरकेडी कॉलेज से 82 फीसदी अंक हासिल किए थे।
इंटर के बाद कानपुर में कोचिंग पढ़कर दो वर्ष से तैयारी में लगे सनी ने पहली बार में ही जेईई मेन के प्रथम चरण के जनवरी में जारी परिणाम में भी 91.9 फीसदी अंक पाये थे। छात्र ने सफलता में पिता-माता के खास सहयोग और बहनों की प्रेरणा को श्रेय दिया। कहा कि आर्थिक समस्याओं के बाद भी बड़ी बहनों ने हौसला बढ़ाया और मदद भी की। मंगलवार को पुत्र की सफलता पर परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। पूर्व प्रधान स्कंध तिवारी, पूर्व प्रधान रामदास गुप्ता, कोटेदार राजेंद्र गुप्ता, त्रिभुवन सिंह, महेंद्र तिवारी आदि ने घर पहुंचकर छात्र की सफलता पर बधाई दी।