चौथे चरण के मतदान में यूपी के महोबा जिले में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां मतदान पूरा होने के बाद सोमवार को ईवीएम गायब हो गयी थी। जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी पोलिंग बूथ पर पहुंचे और रात भर ईवीएम की तलाश की।
जानकारी के अनुसार बूथ संख्या 127 विकास खंड पनवाड़ी के ग्राम अदना में ईवीएम मशीन गायब होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी सहदेव ने पीठासीन अधिकारी शरद नागायच, द्वितीय मतदान अधिकारी रजिया बेगम, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कमलेश कुमार समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस मामले में एफआईआर के निर्देश दिए हैं।
इनसे पूछताछ की जा रही है। अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ लेकिन इसकी प्रक्रिया चल रही है। 29 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के बाद ये लोग पॉलिटेक्निक जाने के लिए बस पर चढ़ गए और ईवीएम मशीन वहीं छूट गई।
पॉलिटेक्निक पहुंचने पर उन्हें ईवीएम न होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। देर रात डीएम, एसपी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी पोलिंग बूथ 127 पहुंचे। रात भर तलाश करने के बाद भी ईवीएम नहीं मिल। फिर सुबह करीब 9 बजे स्कूल के पास लावारिश हालत में ईवीएम मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।