बाईपास सड़क निर्माण के चलते शहर की यातायात व्यवस्था चौपट हो गई है। हालत यह है कि बाईपास मार्ग पर वाहनाें की आवाजाही प्रभावित होने के कारण सारा दिन भारी वाहनाें की शहर के मुख्य मार्ग पर धमाचौकड़ी के चलते जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। जिससे लोगाें को खासी दिक्कत हो रही है।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने से शहर के बाईपास रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। पुलिया की खुदाई कर दिए जाने व जगह-जगह अवरोधक लगा दिए जाने से इस निर्माणाधीन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। भारी वाहनाें को शहर के अंदर से निकाला जा रहा है। जिससे सुबह से लेकर शाम तक शहर ट्रक, बसें, ट्रैक्टर सहित तमाम भारी वाहन धड़ल्ले से प्रवेश कर रहे हैं। शहर में भारी वाहनाें के प्रवेश के चलते यातायात व्यवस्था चौपट हो जाने का खामियाजा नागरिकाें को भुगतना पड़ रहा है। हालत यह है कि शहर के सुभाष चौकी, ऊदल चौक, रोडवेज बस स्टैंड, तहसील चौराहा और परमानंद चौराहे पर सारा दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। अतिक्रमण के चलते सड़कें संकरी हो जाने से भी जगह-जगह जाम की समस्या से लोगाें को जूझना पड़ रहा है। बुधवार को शहर के रोडवेज बस स्टैंड और ऊदल चौक में लंबा जाम लग जाने से लोगाें को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। तेज धूप में वाहन चालकाें के साथ-साथ पैदल राहगीराें को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चौपट हो जाने से लोगाें में खासी नाराजगी है।