खरेला/भरवारा। देवोत्थान एकादशी पर जगह-जगह मेले लगे। इसमें लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। भरवारा मेले में जहां छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से दिल जीत लिया, वहीं चंदौली मेले में जवाबी कीर्तन मुकाबला देखने के लिए लोग डटे रहे।
विकासखंड पनवाड़ी के भरवारा गांव के गौंड बाबा स्थल पर मेल लगा। उद्घाटन पूर्व प्रधान संतोष पालीवाल व विजयपुर प्रधान धीरेंद्र राजपूत ने फीता काटकर किया। मेले में रजौनी विद्यालय की स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी। ‘भैया अनपढ़ कोऊ न रहिओ, सब मिलत सुविधा सरकारी’ नाटक से लोगों को जागरूक किया। खरेला प्रतिनिधि के अनुसार चंदौली में जारी पांच दिवसीय मेले में जवाबी कीर्तन हुए। लालचंद्र ने भटके हुए ‘भक्तों को मां राह दिखा जाना’ गीत गाकर भक्ति की रसधार बहाई। छतरपुर की नीलम ने भी श्रोताओं को गीतों से भावविभोर कर दिया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक रामजी तिवारी, लेखपाल अर्जुन, ग्राम प्रधान गुटाली बाबू, नृपत राजपूत, थाना प्रभारी राजू सिंह, एसआई विजय दिवेदी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।