महोबा। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को अब किताबी पढ़ाई के साथ सामाजिक और व्यावहारिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों में समाजोपयोगी उत्पादक कार्य को अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ जीवन से जुड़े व्यावहारिक अनुभव भी दिए जाएंगे।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने इसको लेकर निर्देश जारी किए हैं। जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के करीब 840 विद्यालय संचालित हैं जिनमें लगभग 75 हजार विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विभाग की इस पहल का लाभ इन सभी विद्यार्थियों को मिलेगा। इसका उद्देश्य बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, रचनात्मकता, सहयोग, सहानुभूति व नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का विकास करना है। विद्यालयों में बच्चों की सहभागिता से कई तरह की गतिविधियां आयोजित कराई जाएंगी। इनमें स्कूल परिसर की साफ-सफाई, साज-सज्जा, बागवानी, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने जैसे कार्य शामिल रहेंगे।
इसके अलावा विद्यार्थी पुस्तकालय के रखरखाव और प्रार्थना सभा के संचालन में भी अपनी भूमिका निभाएंगे। बच्चों को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी दी जाएगी, इससे उनमें प्रकृति व पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। बच्चों को स्वच्छता रैली, मतदाता जागरूकता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सड़क सुरक्षा जैसे सामाजिक अभियानों में भी शामिल किया जाएगा। इनसे विद्यार्थियों में श्रम के प्रति सम्मान, सेवा भाव, सामाजिक सहयोग और नागरिक कर्तव्यों की समझ विकसित की जाएगी।