महोबा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल तेज कर दी गई है। स्कूलों में स्मार्ट टीवी को डीटीएच से जोड़कर ई-विद्या के शैक्षिक चैनलों का लाभ छात्राओं तक पहुंचाया जाएगा।
इसको लेकर स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने निर्देश जारी किए हैं। जिले में कुल चार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इनमें कबरई, चरखारी, पनवाड़ी व जैतपुर ब्लॉक के विद्यालय शामिल हैं। छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए पिछले वर्ष सभी कस्तूरबा विद्यालयों में डिजिटल कक्षाओं की व्यवस्था की गई थी। अब इन डिजिटल कक्षाओं को डीटीएच से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। ई-विद्या से छात्राओं को स्कूल की नियमित शैक्षिक गतिविधियों के अतिरिक्त भी पढ़ाई से संबंधित सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। शिक्षा विभाग की ओर से ई-विद्या के पांच चैनल शैक्षिक गतिविधियों से संबंधित शुरू किए गए हैं। इन चैनलों से छात्राएं शिक्षा से जुड़ी सामग्री देखकर अपना ज्ञान बढ़ा सकेंगी और विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगी। डिजिटल शिक्षा से छात्राओं की पढ़ाई को बेहतर बनाने व उन्हें आधुनिक शैक्षिक संसाधनों से जोड़ने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।