फोटो 14 एमएएचपी 22 परिचय-कार्यक्रम में देशभक्ति गीत पर प्रस्तुति देतीं छात्राएं। संवाद
श्रीनगर (महोबा)। कस्बे के राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को शताब्दी समारोह का आयोजन हुआ। बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मनमोह लिया। इस दौरान कॉलेज के पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष जयप्रकाश अनुरागी ने दीप जलाकर किया। कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना मां शारदे प्रस्तुत की। इसके बाद स्वागत गीत सांसों की सरगम बोले सुस्वागतम की प्रस्तुति हुई। पन्ना को हीरा महोबा को पान... की प्रस्तुति भी सराही गई। बुंदेलखंडी भाषा पर आधारित गीत ऐसी माटी न भारत के खंड-खंड में, जन्म दइयो विधाता बुंदेलखंड में... की प्रस्तुति हुई। बच्चों ने सूर्य नमस्कार, पर्यावरण संरक्षण आदि पर भी गीतों की प्रस्तुति दी। इसी विद्यालय में पढ़ने वाले दिनेश चंद पटेरिया, सेवानिवृत्ति बिहार के पुलिस महानिदेशक देवकीनंदन गौतम समेत 24 से ज्यादा लोगों को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य ज्ञानवंत सिंह तोमर ने कॉलेज के इतिहास के बारे में बताते हुए कहा कि 14 नवंबर 1925 को ब्रिटिश शासन काल में मिडिल स्कूल की स्थापना की गई थी। इस मौके पर पूर्व प्रधानाचार्य रामदीन सोनी, हरचरण राजपूत, कामता प्रसाद गुप्ता, अनिल शुक्ला, बुंदेलखंड नवोदय महाविद्यालय के प्राचार्य विश्वनाथ सिंह परिहार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नीरज राजपूत, अपर्णा नायक आदि मौजूद रहे।