फोटो 13 एमएएचपी 07 परिचय-कार्यालय में अभिलेख देखतीं एक दिन की बीएसए बनीं छात्रा कुमसुम। संवाद
महोबा। मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के लिए अधिकारी बनाया गया। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कबरई की छात्रा कुमकुम को एक दिन का बीएसए बनाया गया। छात्रा ने विभागीय कार्यप्रणाली समझी। उन्होंने कहा कि वह मेहनत के साथ पढ़ाई कर अधिकारी बनेंगी और समाजसेवा करेंगी।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कबरई की हाईस्कूल की छात्रा कुमकुम मंगलवार की दोपहर करीब 12.30 बजे बीएसए कार्यालय पहुंची। इस दौरान उन्हें बीएसए बनाया गया। छात्रा ने कार्यालय का निरीक्षण कर प्रत्येक पटल की कार्यप्रणाली देखी। साथ ही उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। स्टाफ को निर्देश दिए कि समय से कार्यालय आएं और राज्य परियोजना की ओर से जो कार्य दिया जाता है, उसे समय से पूरा किया जाए। छात्रा ने बताया कि इस दौरान बीएसए का दायित्व समझा।
इसी तरह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कबरई की कक्षा सातवीं की छात्रा प्रांशी को पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर बनाया गया। सीओ रविकांत गोंड ने छात्रा को सीओ नगर कार्यालय की कार्यप्रणाली, जनपदीय पुलिस की विभिन्न इकाइयों व थानों की ओर से किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान छात्रा ने जनसुनवाई की और प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बीएसए राहुल मिश्रा व जिला समन्वयक बालिका शिक्षा संजीव अवस्थी बालिकाओं को भविष्य में उच्च स्थान पर आसीन होने की शुभकामनाएं दीं। वहीं कक्षा आठवीं की छात्रा दीपिका को बीईओ जैतपुर, कक्षा आठवीं की छात्रा हिमांशी को पनवाड़ी बीईओ और अंजली को चरखारी का बीईओ बनाया गया। इधर शहर के परमानंद तिराहे में छात्राओं ने सीओ व यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।