महोबा। समर्थ पोर्टल का सर्वर डाउन होने से न सिर्फ यूजी-पीजी में दाखिले की रफ्तार धीमी है बल्कि तमाम विद्यार्थी प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन तक नहीं करा पा रहे हैं। ऐसे हालात में 30 जून तक सीधे दाखिला होना मुश्किल दिखाई दे रहा है।
23 निजी व चार राजकीय महाविद्यालय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध हैं। समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराना अनिवार्य किया गया है। बीयू से संबद्ध कॉलेजों में संचालित यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। इसकी अंतिम तिथि 30 जून है।
शासन के निर्देश पर जुलाई से पठन-पाठन शुरू करना है। ऐसे में बीयू प्रशासन ने 20 जून तक आए आवेदनों के आधार पर कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया 22 जून से शुरू कराने के निर्देश दिए थे। 21 से 30 जून तक आने वाले आवेदनों के प्रवेश जुलाई के पहले सप्ताह में शुरू कर दिए जाने के लिए कहा गया है।
समर्थ पोर्टल का सर्वर डाउन होने से छात्र-छात्राएं परेशान हैं। ऐसे में फार्म भरने और प्रवेश की तिथि बढ़ना तय है। बीयू प्रशासन ने एलएलबी की काउंसलिंग अग्रिम आदेश तक के लिए रोक दी है। जिन विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त किए हैं, वह अपनी पसंद का कॉलेज लेना चाहते हैं लेकिन समर्थ पोर्टल से बदलाव नहीं हो रहा है। इससे छात्र परेशान हैं। ऐसे में बीयू प्रशासन ने पत्र जारी करके एलएलबी की काउंसलिंग पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है। कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। इस मामले में जल्द फैसला लिया जाएगा।