महोबा। जिले में दबंगों ने अलग-अलग स्थानों पर अधिवक्ता समेत तीन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने मामलों में 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर के मोहल्ला हिंद टायर गली निवासी अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि तीन सितंबर की शाम छह बजे वह तहसील से घर जा रहे थे। रास्ते में चक्की के पास हाकिम सिंह, उसकी पत्नी, दो बेटियां, देवेंद्र पाल, रामआसरे और आठ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने लात-घूसों और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। बाद में जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले में तीन नामजद सहित 11 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली कुलपहाड़ के चुरारी गांव में 18 अगस्त की सुबह गोकुल राजपूत पर हमला हो गया। उदयभान, वीरपाल, नकुल और कपिल राजपूत ने लाठी-डंडों से उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। वहीं कोतवाली चरखारी के छानीखुर्द में चार सितंबर की दोपहर रामसनेही पर हमला किया गया। गांव के ऊदल ने शराब के नशे में अभद्रता का विरोध करने पर लाठी सिर पर मार दी। पुलिस ने ऊदल के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।