खन्ना (महोबा)। ब्लॉक कबरई में खम्हरिया गांव से निकले श्यामा नाले के जल्द ही कायाकल्प होने की उम्मीद जगी है। श्यामा नाले पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पांच मीटर ऊंचा लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार की गई कार्ययोजना को स्वीकृति मिलने से सेतु निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
बारिश के समय श्यामा नाला अधिकांश दिनों उफान पर रहता है। लगातार हो रही बारिश से श्यामा नाला उफनाने से रपटे के ऊपर से पानी बह रहा है। समीपवर्ती आठ गांवों का संपर्क कटने के साथ आवाजाही प्रभावित है। बीमार पड़ने पर मरीजों को अस्पताल तक ले जाना मुश्किल होता है। ग्रामीणों की ओर से लगातार लघु सेतु निर्माण किए जाने की मांग की जा रही थी। लोक निर्माण विभाग ने लघु सेतु के निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी थी।
उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव शेषनाथ ने अब श्यामा नाले पर लघु सेतु के निर्माण को लेकर प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति जारी की है। बारिश के बाद काम शुरू होने की उम्मीद है। लघु सेतु का निर्माण होने से क्षेत्र के आठ गांवों की करीब 70 हजार की आबादी के आवागमन में आसानी होगी।