महोबा। जिले में दबंगों ने अलग-अलग घटनाओं में दंपती समेत छह लोगों को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने कुल 17 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन घटनाओं में मारपीट, धमकी और संपत्ति विवाद शामिल हैं।
श्रीनगर थाना क्षेत्र के उरवारा गांव निवासी खुमान सिंह को बेलाताल से लौटते समय प्रदीप राजपूत, पुष्पेंद्र यादव, जीतेंद्र और अभिषेक ने लाठी-डंडे से पीटा। इस हमले में खुमान सिंह घायल हो गए और उनका मोबाइल भी टूट गया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पनवाड़ी थाना क्षेत्र के तुर्रा निवासी कल्पना ने बताया कि 17 जुलाई की रात उनके पति दृगपाल पर गंगाराम और अखिलेश ने बंटवारे को लेकर हमला किया। इस मारपीट में दृगपाल को चोटें आईं। कुलपहाड़ कोतवाली के सुगिरा गांव निवासी सारांश यादव को जन्मदिन कार्यक्रम से लौटते समय विक्रम यादव ने अपने भाइयों खिलावन यादव, ठाकुरदास और लाखन यादव के साथ मिलकर पीटा। विक्रम ने ट्रैक्टर हटाने की बात पर सारांश पर डंडे से हमला किया जिससे उसका सिर फट गया।
वहीं शहर के मलकपुरा मोहल्ला निवासी शिवकांत शुक्ला घर के दरवाजे पर बैठे थे। तभी उपेंद्र शुक्ला, उनका बेटा उदय, कुलदीप और पत्नी रोशनी वहां आए। उन्होंने शिवकांत से अभद्रता की और लाइसेंसी बंदूक से जान से मारने की धमकी दी। बाद में घर में घुसकर शिवकांत और उनकी पत्नी मीना को लाठी-डंडे से पीटा जिससे दोनों घायल हो गए।
वहीं पनवाड़ी थाना क्षेत्र के बैदों निवासी महेंद्र कुमार ने जमीन पर जबरन कब्जा करने का विरोध किया। इस पर स्वामी प्रसाद, ओमप्रकाश और जयप्रकाश ने उनसे मारपीट की। महेंद्र कुमार ने इन तीनों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।