कुटरा गांव की बहाव से टूटी पड़ी सड़क।
- फोटो : अमर उजाला
बारिश के बाद बांध और सरोवर ओवरफ्लो होने से पानी के बहाव में जिले की आधा दर्जन से ज्यादा मार्गों की सड़कें कट गईं। इससे कई गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। आवागमन ठप हो जाने से ग्रामीणों को राशन पानी के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई दिनों से हो रही बारिश से बेलाताल कुटरा मार्ग पर बना पुलनुमा रपटा बारिश से बह
गया। इससे कुटरा गांव के लोगों का जैतपुर ब्लाक और जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। रपटा बह जाने से स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। इसी तरह उरवारा सरोवर के बहाव से श्रीनगर को जोड़ने वाली सड़क कट गई। इससे ग्रामीणों का श्रीनगर कस्बे से संपर्क कट गया। जिला मुख्यालय से रतौली जाने वाली सड़क बारिश से बह गई। जिससे रतौली, पचारा,
दमौरा, मुड़ेरी, मुढारा, प्रकाश बम्हौरी, भाऊ का पुरवा, रतौली सहित एक दर्जन गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। श्रीनगर बेलाताल मार्ग पर पड़ने वाले कंचनपुरा, उदयपुर की सड़के पानी के बहाव से दो दो मीटर कट जाने के कारण आवागमन ठप हो गया है। हालत यह है कि चार पहिया वाहन तो दूर बाइक तक नहीं निकल पा रही है। ऐसी स्थिति में
इमरजेंसी पड़ने पर अस्पताल आने जाने में ग्रामीणों को भारी असुविधा हो रही है। इसी तरह उर्मिल बांध के उफना जाने से महोबा झांसी सड़क आधी कट जाने से वाहन पलटने का खतरा बढ़ गया है। कई गांव का जिला मुख्यालय और तहसील मुख्यालय से संपर्क कट जाने से लोग जरूरी काम नहंी कर पा रहे हैं।