महोबा। जिले में बृहस्पतिवार की रात 12 बजे अचानक बदले मौसम ने जमकर तबाही मचाई। तेज आंधी के साथ बारिश होने से कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए तो कहीं बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे 50 से अधिक गांवों की 10 घंटे बिजली गुल रही। आंधी में पेड़ गिरने से तीन कच्चे मकान और एक स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। गिरने से खेत में मौजूद चरवाहे की मौत हो गई जबकि तेज आंधी में छत से असंतुलित होकर नीचे गिरे ग्राम प्रधान की जान चली गई। बिजली न आने से गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही।
रात 12 बजे अचानक मोबाइलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट आया। कुछ देर बाद ही तेज हवाएं चलने लगीं। बूंदाबांदी के बीच आंधी चलने से झोपड़ियों व दुकानों के टीन-टप्पर उड़ गए। कुलपहाड़ संवाद के अनुसार तेज आंधी के चलते कई स्थानों पर बिजली लाइनें टूट गईं। इससे रात 12 बजे बिजली गुल हो गई। कस्बा कुलपहाड़, जैतपुर, लमौरा, कुटरा फीडरों से जुड़े करीब 50 गांवों की बिजली गुल हो गई। जो शुक्रवार की सुबह दस बजे बहाल हो सकी। बिजली निगम के अवर अभियंता गोपाल ने बताया कि आंधी-बारिश में बिजली लाइनें टूटनें से आपूर्ति ठप हुई थी। जिसे बहाल करा दिया गया। इसी तरह पनवाड़ी और महोबकंठ क्षेत्र के 50 गांवों में चार-चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। कबरई संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के बघवा खोड़ा गांव में तेज आंधी से नीम का पेड़ टूटकर गिर गया। इससे रामनरेश, शिवचरन और मुकेश श्रीवास के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ की चपेट में आने से रामनरेश की स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त हो गई।
थाना अजनर के बड़खेरा गांव निवासी जगत सिंह (58) बृहस्पतिवार की शाम मवेशी चराने गया था। रात को वह खेत पर ही रुक गया। आम के पेड़ के नीचे खड़े होने के दौरान बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। सुबह जब परिजन खेत पहुंचे तो जगत सिंह मृत अवस्था में मिला। सूचना पर नायब तहसीलदार हेमकांत त्रिपाठी, लेखपाल प्रदीप कुमार ने घटनास्थल पहुंच जांच की। इसी तरह महुआबांध गांव में पूर्व प्रधान रामगोपाल के पशुबाड़े के पास बिजली गिरने से भैंस की मौत हो गई। ब्लॉक जैतपुर के आनंदपुरा बड़ेरा प्रधान कीरतराज सेन (55) छत पर बृहस्पतिवार की रात सो रहे थे। देर रात तेज आंधी आने पर वह नीचे उतरने के लिए जाने लगे। तभी तेज हवा के झोंके में असंतुलित होकर छत से नीचे सड़क पर गिर गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बेटे जयहिंद ने बताया कि छत से गिरने से पिता की मौत हुई है।
3.6 डिग्री लुढ़का पारा, आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट
महोबा। जिले में बृहस्पतिवार की रात बदले मौसम के मिजाज ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई। 24 घंटे में अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री लुढ़क गया। बृहस्पतिवार को जहां मौसम का अधिकतम तापमान 46.3 और न्यूनतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में निकली धूप ने उमस बढ़ा दी। शनिवार को भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वैज्ञानिक डॉ. रजनीश मिश्रा का कहना है कि अभी एक-दो मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।
फोटो 29 एमएएचपी 17 परिचय-बघवा खोड़ा गांव में पेड़ टूटकर गिरने से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो। संवाद- फोटो : Archive
फोटो 29 एमएएचपी 17 परिचय-बघवा खोड़ा गांव में पेड़ टूटकर गिरने से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो। संवाद- फोटो : Archive
फोटो 29 एमएएचपी 17 परिचय-बघवा खोड़ा गांव में पेड़ टूटकर गिरने से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो। संवाद- फोटो : Archive
फोटो 29 एमएएचपी 17 परिचय-बघवा खोड़ा गांव में पेड़ टूटकर गिरने से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो। संवाद- फोटो : Archive